चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस ने रविवार को मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को अवैध डोडा-पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के पास से 2 किलो 175 ग्राम डोडा-पोस्त चूरा जब्त किया। पुलिस को देखकर आरोपी युवक खेतों की ओर भागने लगा था। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। रतनगढ़ थाना के एसआई गिरधारीलाल ने बताया कि वे एएसआई हेमराज के साथ गश्त पर थे। मालासर टोल के पास एक युवक खड़ा था, जिसने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया। तलाशी लेने पर युवक के थैले से डोडा-पोस्त चूरा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान पंजाब के फाजिल्का निवासी 27 वर्षीय मेहर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब युवक से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।