चूरू जिले के रतनगढ़ में जाट समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई समाज के लोगों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बाद की गई। रतनगढ़ थाना में लोहा गांव निवासी 58 वर्षीय ओमप्रकाश नाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को लोहा निवासी भरत भार्गव ने उन्हें अपने घर बुलाया था। भरत ने ओमप्रकाश से कहा कि अगर वह एक वीडियो बनाकर माफी मांग ले, तो उसके बेटे को मामले से बाहर निकाल दिया जाएगा। शिकायत के अनुसार 4 जुलाई को भरत भार्गव ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो शेयर किया। इस ऑडियो में उसने जाट समाज और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया है। जाट समाज में आक्रोश ओमप्रकाश नाई ने अपनी रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि भरत फर्जी आईडी बनाकर लोगों के साथ साइबर फ्रॉड भी करता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से जाट समाज के लोगों में उक्त युवक के प्रति गहरा आक्रोश है। समाज के लोगों ने युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए रविवार देर शाम रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया को एक ज्ञापन भी सौंपा था।