भास्कर संवाददाता | पाली कक्षा 5 (पीएएलएस) व कक्षा 8 के परिणामों से असंतुष्ट विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने पुनर्गणना का कार्यक्रम जारी किया है। छात्र 6 से 11 अप्रैल तक अपने स्कूल में आवेदन कर सकेंगे। कक्षा 8 के लिए 100 रुपए और कक्षा 5 के लिए 50 रुपए प्रति विषय शुल्क तय है। पोर्टल से जनरेट अंकतालिका लगाना जरूरी होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्कूल 13 अप्रैल तक आवेदन डाइट में जमा करेंगे। इसके बाद 17 से 25 अप्रैल तक पुनर्गणना होगी। परिणाम में बदलाव होने पर संशोधित अंक सूची 27 अप्रैल तक तैयार कर 29 तक पंजीयक कार्यालय भेजी जाएगी। पुनर्मूल्यांकन नहीं, सिर्फ अंकों का जोड़ सुधारेंगे : पुनर्गणना में केवल अंकों का जोड़ दोबारा किया जाएगा, उत्तर पुस्तिका का पुनर्मूल्यांकन नहीं होगा। यह प्रक्रिया केवल मुख्य विषयों (कक्षा 8 के 6 और कक्षा 5 के 4 विषय) तक सीमित रहेगी तथा सत्रांक में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। पुनर्गणना में उन शिक्षकों को शामिल नहीं किया जाएगा जिन्होंने पहले कॉपियां जांची हैं। यदि स्कूलों द्वारा सत्रांक में त्रुटि पाई जाती है और संशोधन प्रस्तावित होता है, तो प्रति विद्यार्थी 50 रु. शुल्क डाइट में जमा कराना होगा। यह राशि विद्यालय स्तर पर ही वहन की जाएगी और छात्रों से नहीं ली जाएगी।