आमेर महल घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए राहत की खबर है। कुछ सालों से देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ने से महल आने वाले पर्यटकों को वाहन पार्क करने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए आमेर महल रोड स्थित परियों के बाग में 2 लाख स्क्वायर फीट एरिया में ओपन पार्किंग बनाई जा रही है। यह जुलाई तक तैयार हो जाएगी। आमेर विकास प्राधिकरण के करीब 3.50 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट का काम नवंबर में शुरू हो गया था। यहां 400 कारें खड़ी हो सकेंगी। टूरिज्म के पीक सीजन में आमेर महल देखने लाखों पर्यटक आते हैं। पार्किंग स्पेस कम होने से सड़कों पर पार्किंग होती है और पूरा आमेर जाम हो जाता है। अब मावठे से ठीक पहले परियों के बाग में यह पार्किंग बन रही है।