राजसमंद के रेलमगरा स्थित चामुंडा माता मंदिर प्रांगण में अखिल भारतीय धनगर मेवाड़ा गाडरी समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक हुई। अध्यक्षता गाडरी समाज विकास संस्था राजसमंद के जिलाध्यक्ष किशनलाल गाडरी खेमाखेड़ा ने की। इसमें रेलमगरा तहसील क्षेत्र के विभिन्न चैाखलो के पंच, पटेल, समाजजन और युवाओं ने भाग लिया। बैठक में समाज सुधार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय छात्रावास भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन कराने और समाज के भामाशाहों से सहयोग राशि जुटाने का निर्णय लिया गया। साथ ही भविष्य में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी। समाज में नशामुक्ति को बढ़ावा देने, मृत्यु भोज में अनावश्यक खर्च सीमित करने और कुरीतियों पर रोक लगाने का भी फैसला लिया गया। घुमंतू व अर्द्ध घुमंतू जाति में शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में 31 मई को अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने, 10वीं-12वीं में 70 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों और सरकारी नौकरी में चयनित समाजबंधुओं को सम्मानित करने की घोषणा की गई। इसके अलावा 4 सितंबर को संत अमरा भगत जयंती पर विशाल रक्तदान शिविर और जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता कराने पर भी विचार किया गया।