भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना की खेतड़ी क्षेत्र में राइजिंग लाइन में लिकेज होने से खेतड़ी कस्बे समेत 40 गांवों में दो दिन पेयजल सप्लाई नहीं होगी। दरअसल कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना का पानी मलसीसर से झुंझुनूं होकर खेतड़ी क्षेत्र में भेजा जा रहा है। जसरापुर में पावटा की ढाणी के नजदीक तथा खेतड़ी में नानूवाली बावड़ी में खरकड़ा मोड़ के नजदीक 700 एमएम की राइजिंग लाइन में लिकेज है। इसकी वजह से काफी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। इससे जल सप्लाई भी बाधित हो रही है। इसे देखते हुए अब कुंभाराम लिफ्ट कैनाल प्रोजेक्ट ने राइजिंग लाइन में लिकेज को ठीक करने का निर्णय लिया गया है। दो दिन यानी सोमवार व मंगलवार को पीएचईडी के खेतड़ी एईएन बीएस गुर्जर के मुताबिक कुंभाराम लिफ्ट परियोजना खेतड़ी के चारावास पंप हाउस से खरखड़ा टैंक आनी वाली मुख्य पाइप लाइन में लिकेज को ठीक करने के लिए छह व सात अप्रैल को शट डाउन लिया गया है। इन कस्बों व पंचायतों में बाधित रहेगी जल सप्लाई : शटडाउन की वजह से खेतड़ी व गोठड़ा कस्बे तथा राजोता, ⁠नानूवाली बावड़ी, ⁠मानोता कलां, ⁠रवां, ⁠रोजड़ा, ⁠बांसियाल, ⁠डाडा फतेहपुरा, ⁠मेहाड़ा, ⁠नांगलिया गुजरवास, ⁠शिमला, ⁠दूधवा, ⁠गौरीर, ⁠ठाठवाड़ी, ⁠टीबा, बसई, ⁠बेसरड़ा, ⁠त्यौंदा पंचायतों व जुड़े गांवों में जल सप्लाई नहीं होगी। खेतड़ी क्षेत्र में जल सप्लाई कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना के तहत खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में 14 एमएलडी पानी सप्लाई होता है। लेकिन लिकेज की मेटिनेंस के चलते दो दिन कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना से सप्लाई नहीं होगी। सबसे बड़ी की बात यह है कि खेतड़ी क्षेत्र में 2017 के बाद जल सप्लाई कुंभाराम लिफ्ट कैनाल से है। डार्क जोन व पहाड़ी इलाके में शामिल खेतड़ी क्षेत्र में हैंडपंप व ट्यूबवैल ड्राई होने से पेयजल के प्रमुख स्त्रोत नहरी पानी है। अब दो दिन जल सप्लाई बंद रहने से गर्मी के मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है। ऐसे में खेतड़ी व गोठड़ा कस्बे तथा क्षेत्र के 40 गांवों के लिए बिना जल व्यवस्था किए 2 दिन शटडाउन लेना मजबूरी है।