पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बारां ने रविवार को उम्मेद भवन स्थित रोटरी परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में फिजियोथेरेपी मशीन स्थापना, शपथ ग्रहण समारोह, उम्मेद भवन के रखरखाव और नए सदस्यों को जोड़ने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का साधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। क्लब के कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी विवेक जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी निरंतर जिम्मेदारी है। रोटरी क्लब सेवा कार्यों के साथ हरित वातावरण बनाने की दिशा में लगातार कार्य करता रहेगा। समीक्षा बैठक में क्लब की आगामी योजनाओं को अंतिम रूप देते हुए फिजियोथेरेपी मशीन स्थापना के लिए उर्मिला जैन भाया और प्रकाश टोंगिया को कार्यक्रम मार्गदर्शक मनोनीत किया गया। इसके अलावा सेवा परियोजनाओं को गति देने, शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन तथा संगठन विस्तार पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता और सचिव महेश तिवारी ने मुख्य अतिथि सहित सभी रोटेरियन सदस्यों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में त्रिवेश बरदानिया, आदित्य जैन, राकेश सेटी, सूर्य प्रकाश विजय, प्रदीप मारू और धीरज कुमार तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।