किशनगंज तहसील क्षेत्र का ​ऐ​तिहासिक बिलासगढ़ गांव जो पुरातत्व विभाग के अधीन है। यहां गांव अपनी प्राचीन मूर्तियों, शिव मंदिर और कन्यादान स्थल के लिए प्रसिद्ध है। गांव की सहरिया बस्तीवासी अब भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे है। सहरिया बस्ती में नालियों का निर्माण नहीं होने से गलियों में गंदा पानी जमा है और आम रास्ते कीचड़ में तब्दील हो गए हैं। इससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है तथा गंदगी के कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कुछ दिन पहले कलेक्टर बिलासगढ़ पहुंचे थे। उन्होंने ऐतिहासिक शिव मंदिर में दर्शन किए और अनाथाश्रम का भी दौरा किया था। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के अनुसार गांव की सबसे बड़ी समस्या सहरिया बस्ती में जलभराव और नालियों के अभाव की समस्या के समाधान को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी जयकिशन सहरिया ने बताया कि नाली निर्माण के लिए ग्राम पंचायत में बजट नहीं है तथा कच्ची नाली निर्माण को कुछ ग्रामीण विरोध कर रहे ​थे। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुछ ग्रामीण आपत्ति जता रहे हैं तो नाली का मार्ग बीच सड़क से भी निकाला जा सकता है। इससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन पंचायत द्वारा इस विकल्प पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।