उदयपुर जिले के सायरा क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बिना मुंडेर वाले कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक दो दिन पहले सिंचाई के लिए खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के खेतों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को जब परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश कर रहे थे, तभी खेत के पास स्थित एक खुले कुएं में उनका शव पानी की सतह के ऊपर तैरता हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना सायरा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव कुएं के बाहर निकाला मृतक की पहचान रूपा राम (54) पुत्र नंदा गमेती के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सायरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कुआं गहरा होने और मुंडेर न होने की वजह से शव को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और सायरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया और फिर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया। परिजनों ने रिपोर्ट में अंदेशा जताया है कि रूपा राम कुएं में पानी के लिए पाइप डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया होगा और वे सीधे कुएं में जा गिरे। कुएं के चारों तरफ कोई सुरक्षा दीवार या मुंडेर नहीं थी, जिससे वे खुद को संभाल नहीं पाए और गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल, सायरा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला हादसा ही लग रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। इनपुट - गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।