साकेत नगर थाना क्षेत्र की कुमावत कॉलोनी में सूने मकान में घुसे अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए नकद ले गए। कुमावत कॉलोनी, गली नंबर 2 निवासी राजू जोशी के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। परिजनों के मुताबिक, परिवार मंगलवार दोपहर जसोल माताजी के दर्शन के लिए घर से निकला था। बुधवार दोपहर बाद पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा है। देर शाम परिजन पहुंचे। परिजनों ने बताया कि चोरों ने कमरे में रखी अलमारियों के ताले तोड़े। अलमारी से सोने की ठुस्सी, माथे की रखड़ी, करीब 750 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी किए। इनमें पायजेब, सिक्के, कंदोरा, चांदी की चेन, बच्चों के कड़े शामिल हैं। मकान मालिक पुष्पा देवी ने साकेत नगर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से चोरों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।