सलूंबर,पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़भाड़ रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक कलेक्ट्रेट परिसर में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं, वाहनों की पार्किंग के लिए हेलिपैड के पास व्यवस्था निर्धारित की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें नामांकन के दौरान यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। हाड़ारानी कॉलेज की ओर से रास्ता रहेगा बंद नामांकन प्रक्रिया के दौरान हाड़ारानी महाविद्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए निर्धारित स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। हाड़ारानी कॉलेज से हेलिपैड के पास निर्धारित बैरिकेडिंग क्षेत्र तक सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हेलिपैड के पास पार्किंग नामांकन के लिए आने वाले वाहनों को हेलिपैड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाया जाएगा। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने और सड़क पर जाम नहीं लगने देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग और नगर परिषद को आपसी समन्वय से यातायात प्रबंधन, प्रवेश-निकास मार्गों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। व्यवस्थाओं की होगी मॉनिटरिंग अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सापेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों, उनके समर्थकों, निर्वाचन कार्मिकों और आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।