सलूम्बर जिले में पुलिस ने सोम-कमला आंबा डेम के टापू से अवैध रूप से लकड़ी काटते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लकड़ी चोरी में इस्तेमाल की गई एक जुगाड़ू नाव और लकड़ी से भरा एक ट्रक भी जब्त किया है। थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोम-कमला आंबा डेम क्षेत्र में दबिश दी। नाव से लाकर ट्रक में भरते थे लकड़ी जांच में सामने आया कि आरोपी डेम के बीच स्थित टापू से पेड़ों की कटाई करते थे। कटी हुई लकड़ियों को जुगाड़ू नाव के जरिए किनारे तक लाया जाता था। इसके बाद इन लकड़ियों को ट्रक में भरकर आगे भेजा जाता था। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और जुगाड़ू नाव तथा लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया। यह हुई आरोपियों की पहचान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तकीम (38) पुत्र बाबू खान, निवासी बाहर का शहर, सलूम्बर और अमीर मोहम्मद (40) पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी नानगा (हाल बाहर का शहर, सलूम्बर) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध लकड़ी कटाई के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं और चोरी की लकड़ियों की सप्लाई कहां की जाती थी।