सलूंबर जिले के बनोड़ा गांव में गहने लूटने के लिए आरोपी ने बहाने से बुजुर्ग महिला को बाइक पर बैठाया और 7 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले जाकर मार डाला। हत्या के बाद आरोपी ने महिला के चांदी के गहने उतार लिए और शव को पुलिया से फेंक कर फरार हो गया। महिला के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो गांव के ही एक युवक पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने महिला की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल पर पहुंची और शव बरामद कर लिया। गांव के युवक पर शक हुआ, पूछताछ में कबूला जुर्म एसपी विशनाराम ने बताया- बनोड़ा गांव निवासी शंकर पटेल ने 6 मई को अपनी चाची मरती देवी (80) पत्नी रोडाजी पटेल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो गांव के ही हिरालाल पटेल पर शक हुआ। पुलिस ने 9 मई को उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। जंगल में गला दबाकर मारा, जेवर लूटे आरोपी ने बताया कि 6 मई की शाम को करीब 6:30 बजे वह मरती देवी को अपनी बाइक पर बैठाकर नानंगा होते हुए बेडावल रोड की तरफ ले गया था। बोरज और बेडावल के बीच सुनसान जंगल क्षेत्र में एक पुलिया के पास मरती देवी का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मरती देवी के पहने हुए करीब आधा किलो चांदी के कड़े उतार लिए। इसके बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां लाल कपड़ों में महिला का शव पुलिया के नीचे मिला। परिजनों ने कपड़ों से की शव की पहचान एसपी ने बताया- पुलिस ने मरती देवी के भतीजे और परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी से लूटे गए जेवर बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया- बुजुर्ग महिला मरती देवी के पति की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। उसके एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। वहीं, आरोपी हिरालाल पटेल गांव में रहता है, कुछ काम नहीं करता है।