सलूंबर जिला मुख्यालय पर बुधवार को नए यातायात ऑफिस का उद्घाटन किया गया। यह ऑफिस कमरूदिया भेरू बाइपास के पास स्थित है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना से हुई। डीएसपी हेरम्भ जोशी और यातायात प्रभारी (एएसआई) देवीदयाल सिंह ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके तुरंत बाद यातायात प्रभारी ने पदभार ग्रहण किया। जागरूकता अभियान चलाया उद्घाटन के बाद पुलिस ने एक जागरूकता अभियान भी चलाया। बाइपास पर हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले नागरिकों का फूल देकर सम्मान किया गया। वहीं, बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर समझाइश दी गई। उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई। डीएसपी हेरम्भ जोशी ने बताया- नए यातायात कार्यालय के शुरू होने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित होगी। उन्होंने आमजन से सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उद्घाटन कार्यक्रम में थानाधिकारी पवन सिंह, प्रशिक्षु सेजल शेखावत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे।