सलूम्बर जिले में वन विभाग ने अवैध वन उपज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मानपुर क्षेत्र में सहायक वन संरक्षक (ACF) महेंद्र सिंह चुण्डावत के नेतृत्व में टीम ने भारी मात्रा में अवैध सागवान की लकड़ी जब्त की। वन विभाग को मानपुर क्षेत्र में अवैध रूप से सागवान की लकड़ियां छिपाकर रखने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए एसीएफ महेंद्र सिंह चुण्डावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम मानपुर में करण सिंह पुत्र गोपाल सिंह चुण्डावत के खेत की तलाशी ली गई। खेत में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखे गए सागवान के 30 बड़े गट्टे बरामद हुए। बिजली चोरी भी पकड़ी गई निरीक्षण के दौरान खेत पर एक कच्चा मकान मिला, जिसमें ताला लगा हुआ था। संदेह होने पर जांच की गई तो कमरे के भीतर लकड़ी काटने वाला इलेक्ट्रॉनिक कटर पाया गया। कार्रवाई में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कटर चलाने के लिए पास के ट्रांसफार्मर से अवैध रूप से सीधा बिजली कनेक्शन ले रखा था। सहायक वन संरक्षक महेंद्र सिंह चुण्डावत ने कहा - सलूम्बर जिले में प्रतिबंधित वन उपज के अवैध भंडारण और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानपुर में हुई कार्रवाई इसी कड़ी का हिस्सा है। वन विभाग ने मौके से सागवान की लकड़ी और कटर को जब्त कर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के दौरान मानपुर वनपाल कैलाश मेघवाल, सलूम्बर वनपाल उदय सिंह समेत वन विभाग का अन्य जाब्ता और स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में इस तरह के औचक निरीक्षण और तेज किए जाएंगे।