सलूंबर नगर परिषद में गुरुवार को शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव खजान सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का अवलोकन कर आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता और त्वरित निस्तारण की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने शिविर में मौजूद लाभार्थियों और आवेदकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और सेवाओं को लेकर प्रतिक्रिया प्राप्त की। उन्होंने बताया- शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य सालों से लंबित मामलों का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने आमजन से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता, गुणवत्ता और तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र नागरिकों को राहत प्रदान की गई। इसमें 69-ए के तहत 1आवासीय पट्टा, स्टेट ग्रांट एक्ट के 4 पट्टे, 6 नामांतरण, 2 लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, 1 पट्टा नवीनीकरण और 1 भवन निर्माण स्वीकृति शामिल है। इसके अलावा, 20 जन्म-मृत्यु पंजीयन के साथ नागरिकों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भी मौके पर वितरित किए गए। कुल 35 लाभार्थियों को विभिन्न दस्तावेज सौंपे गए। शहरवासियों ने इस शिविर में सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। निस्तारण और एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की आमजन ने सराहना की। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक, तहसीलदार मयूर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और शहर के नागरिक उपस्थित रहे।