हनुमानगढ़ जिले की संगरिया पुलिस ने वाहन चोरी की एक वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के बठिंडा जिले के गेहरी बुटटर निवासी अमरीक सिंह उर्फ मिके (19) और हुशनप्रीत सिंह उर्फ कालू (23) के रूप में हुई है। यह कार्रवाई 21 अप्रैल को गांव मालारामपुरा निवासी निहालचंद द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई। निहालचंद ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसने अपनी बाइक खेत के पास खड़ी की थी। करीब 2 घंटे बाद जब वह वापस लौटा, तो बाइक मौके से गायब मिली। इसके बाद संगरिया थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कई वारदातों का होगा खुलासा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से फिलहाल पूछताछ जारी है, जिससे जिले में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल बलवंत सिंह और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार की टीम शामिल रही।