उदयपुर में पुलिस ने 104 ग्राम अवैध MDMA ड्रग्स बरामद करते हुए तीन तस्करों और एक खरीदार को गिरफ्तार किया। सवीना थाना पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से युवाओं तक नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस को मुखबिर से इसकी सूचना मिली। इसके बाद टीम ​गठित कर आरोपियों का पता लगाया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जोधपुर निवासी विकास विश्नोई से 10.7 ग्राम MDMA, राजूराम विश्नोई से 60 ग्राम MDMA और अनिल गोदारा से 33.7 ग्राम MDMA बरामद की। वहीं खरीदार के रूप में मनवाखेड़ा निवासी निर्मल पुरी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई को डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के निर्देशन में थानाधिकारी गजवीर सिंह की टीम ने अंजाम दिया। ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का लगा रहे पता थानाधिकारी ने बताया- पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इनके ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के बारे में पता कर रही है। इसमें अन्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है, जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। कार्रवाई टीम में उपनिरीक्षक लादू जाट, कॉन्स्टेबल किशोर, जिग्नेश गुर्जर, मांगीलाल, छगनलाल शामिल हैं।