सवाई माधोपुर में पुलिस ने 50 लाख रुपए की सायबर ठगी के मामले में कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस मामले में एक साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी कमलेश कुमार (43) पुत्र बनवारी लाल जाट को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी आंध्रप्रदेश में छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसे शनिवार रात को सीकर से दबोचा है। जिले की कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है। सायबर ठगी की एक लाख रुपए की राशि की रिकवर कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा ने बताया- एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, एएसपी विजय सिंह मीना और सीओ सिटी राजेन्द्र मीणा के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने वांछित आरोपी कमलेश कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। थानाधिकारी मीणा ने बताया- 4 जून 2025 को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनन्या अग्रवाल नाम की महिला ने वाट्सऐप पर इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग का लिंक भेजकर संपर्क किया। इसके बाद अधिक मुनाफे और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए करीब 50 लाख रुपए की सायबर ठगी कर ली। रुपए कमलेश के अकाउंट में ट्रांसफर हुए थे जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 1 लाख रुपए आरोपी कमलेश के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर फ्रॉड की 1 लाख रुपए की राशि भी बरामद की है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। फिलहाल कमलेश से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। कोतवाली थाना पुलिस ने बताया- जिले में सायबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।