सवाई माधोपुर शहर में खेलते समय 6 साल के एक बच्चे ने गलती से 5 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का उसकी खाने की नली में फंस गया, जिससे उसे निगलने में परेशानी होने लगी। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी की मदद से सिक्का सुरक्षित बाहर निकाल दिया। अब बच्चा पूरी तरह ठीक है। खेलते समय निगल लिया सिक्का सवाई माधोपुर शहर निवासी जनिद के बेटे अहद ने खेलते समय गलती से 5 रुपए का सिक्का निगल लिया। सिक्का उसकी खाने की नली (इसोफेगस) में फंस गया, जिससे उसे निगलने में काफी दिक्कत होने लगी। बच्चा जोर-जोर से रोने लगा तो परिजन बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वे सुबह करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचे। एंडोस्कोपी से निकाला सिक्का जिला अस्पताल में नाक, कान और गला रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष शर्मा (गूदेनिया), एमबीबीएस, एमएस (ईएनटी) ने तुरंत बच्चे की जांच की। जरूरी जांच के बाद उन्होंने एंडोस्कोपी की मदद से खाने की नली में फंसा 5 रुपए का सिक्का सुरक्षित बाहर निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने सिक्का परिजनों को भी दिखाया। बच्चे के परिजनों ने बताया कि सिक्का निकल गया है और बच्चा अब बिल्कुल ठीक है। डॉक्टर ने कहा कि एहतियात के तौर पर बच्चे का एक बार फिर एक्स-रे किया जाएगा। डॉक्टरों ने दी जरूरी सलाह डॉ. मनीष शर्मा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को सिक्के, बटन, बैटरी, चुंबक, पिन और ऐसी दूसरी छोटी चीजों से दूर रखें। अगर बच्चा गलती से ऐसी कोई चीज निगल ले तो घबराकर घरेलू उपाय न करें। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल या ईएनटी विशेषज्ञ के पास लेकर जाएं। समय पर इलाज मिलने से बड़ी अनहोनी टाली जा सकती है।