सवाई माधोपुर के बौंली थाना क्षेत्र के कोड्याई गांव में सोमवार को एक कुएं में युवक का शव मिलने से गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। बाद में मृतक की पहचान कोड्याई गांव निवासी मुकेश पुत्र चिरंजीलाल मीणा के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही है। कुएं में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस कोड्याई गांव में सोमवार को कुएं में युवक का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कोड्याई प्रशासक प्रेम देवी मीणा को दी। इसके बाद उन्होंने बौंली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई मुरारीलाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद हुई पहचान शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान मुकेश पुत्र चिरंजीलाल मीणा निवासी कोड्याई के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बौंली सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। खेत पर काम के दौरान हादसे की आशंका एएसआई मुरारीलाल मीणा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मुकेश खेती का काम करता था। सोमवार को वह खेत पर कृषि कार्य के लिए गया था। शुरुआती जांच में आशंका है कि काम के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इनपुट- दीपक गिरी बौंली।