सवाई माधोपुर जिले के कुस्तला कस्बे में रविवार को श्री राधा गोविंद गोशाला के सामने कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार संजय बैरवा (35) और प्रभुलाल बैरवा (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से आ रही थी। गोशाला के सामने मोड़ पर अचानक आमने-सामने आने से दोनों की टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों ने दोनों घायलों को टेंपो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुस्तला में स्थाई एंबुलेंस की मांग ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुस्तला क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या बढ़ी है, लेकिन 108 एंबुलेंस की समय पर सुविधा नहीं मिल रही है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले हुए एक सड़क हादसे में भी एंबुलेंस करीब एक घंटे तक नहीं पहुंची थी। लोगों का कहना है कि श्री राधा गोविंद गोशाला के सामने स्थित मोड़ हादसा संभावित क्षेत्र बन चुका है। यहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेतक बोर्ड लगे हैं, जिससे वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं और आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने के साथ-साथ कुस्तला कस्बे में स्थायी रूप से 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है।