सवाई माधोपुर में नेहा नायक की संदिग्ध मौत के मामले में सोमवार को पीड़ित पक्ष ने कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले में केवल दहेज हत्या नहीं, बल्कि हत्या और आपराधिक साजिश जैसी गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की। पीड़ित पक्ष ने नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। पीड़ित पक्ष बोला- मौत से पहले भाई को जान का खतरा बताया था भाई अजय नायक ने बताया- निवाई खंडदेवत निवासी नेहा की शादी सवाई माधोपुर के खेरदा में हुई थी। 30 मई को ससुराल वालों ने फोन पर तबीयत खराब होने की सूचना दी थी। जिस पर वह सवाई माधोपुर पहुंचे। जहां सवाई माधोपुर जिला अस्पताल आए तो शव मोर्चरी में मिला और शव पर चोट के निशान थे। घटना के बाद मानटाउन थाने में मामला दर्ज कराया गया। भाई अजय नायक ने कहा- मौत से पहले नेहा ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसे जान से मारना चाहते हैं। इसके कुछ घंटों बाद ही उसकी मौत हो गई। यह केवल दहेज प्रताड़ना का मामला नहीं, बल्कि प्लानिंग से की गई हत्या है। हत्या, साजिश और धमकी की धाराएं जोड़ने की मांग पीड़ित परिवार ने मामले में हत्या, आपराधिक साजिश और आपराधिक धमकी की धाराएं जोड़ने की मांग की है। उनका आरोप है कि पति, सास, ससुर सहित अन्य नामजद आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इसलिए मामले की जांच इन्हीं धाराओं के तहत की जानी चाहिए। आरोप- आरोपी खुले घूम रहे, साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका ज्ञापन में पीड़ित पक्ष ने आशंका जताई कि नामजद आरोपी अभी भी खुले घूम रहे हैं और वे सबूतों से छेड़छाड़ करने के साथ गवाहों को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस से सबूतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।