सवाई माधोपुर जिले में जल्द ही एनसीसी (नेशनल कैडेट कॉर्प) की तर्ज पर पुलिस कैडेट योजना शुरू करने की तैयारी की जा रही है। खास बात ये है कि यह पहल राजस्थान में पहली बार सवाई माधोपुर पुलिस की ओरसे की जा रही है। इसका प्लान भी तैयार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस योजना के तहत पुलिसकर्मी स्कूली बच्चों को पुलिसिंग के साथ ही फिटनेस और सिविल डिफेंस समेत अन्य कई ट्रेनिंग देंगे। NCC की तर्ज पर‌‌ होगी पुलिस कैडेट योजना इस योजना के तहत स्कूल स्तर पर एक विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा, जो एनसीसी की तरह होगा। इसमें स्कूली विद्यार्थियों के लिए इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बातया कि योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को डिसीप्लेन के साथ कानून के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत कैडेट्स को यातायात नियम, कम्युनिटी पुलिसिंग और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। ट्रेनिंग में ड्रिल, मार्चिंग, फिजिकल फिटनेस और सेल्फ डिफेंस जैसी गतिविधियों को शामिल किया जाएगा, जिससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। यह योजना खास तौर पर उन विद्यार्थियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी, जो भविष्य में पुलिस या सुरक्षा सेवाओं में करियर बनाना चाहते हैं।