सवाई माधोपुर के रेलवे स्टेशन पर तलाशी के दौरान डोडा मिला है। एक लावारिस बैग में करीब 12 किलो 970 ग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.95 लाख रुपए है। बताया जा रहा है कि जीआरपी पुलिस की टीम प्लेटफॉर्म पर तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक बैग मिला। इसकी जांच करने पर प्लास्टिक के बैग में डोडा चूरा मिला। गश्त के दौरान लावारिस बैग में मिला डोडा चूरा जीआरपी सवाई माधोपुर थानाधिकारी हरिमन मीणा ने बताया कि अभियान के तहत जीआरपी टीम द्वारा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार गश्त व चेकिंग की जा रही है। थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही थी। तभी एक लावारिस बैग नजर आया। बैग के बारे में आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर जांच की। तलाशी के दौरान बैग में पॉलीथिन की थैली में भरा हुआ अफीम डोडा चूरा मिला। मौके पर ही पुलिस टीम ने मादक पदार्थ की पुष्टि कर जब्त की कार्रवाई की और बाद में इसे थाने लाया गया। इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और लावारिस बैग के जरिए मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े आरोपियों की तलाश की जा रही है।