सवाई माधोपुर में मंगलवार को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से बारिश और ओलावृष्टि का दौर रहा। नगर परिषद क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं 100 एमएम से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई। जिले के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। तलावड़ा में सर्वाधिक 15 mm बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सवाई माधोपुर में 13 mm, मलारना डूंगर में 14 mm, चौथ का बरवाड़ा में 8 mm, वजीरपुर में 5 mm, खंडार में 12 mm, गंगापुर सिटी में 12 mm, मित्रपुरा में 8 mm, बरनाला में 5 mm, बामनवास में 5 mm और भांवरा में 5 mm बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार इस सिस्टम का असर 8 अप्रैल को भी बना रहेगा। एक सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को अधिकतम 33 और न्यूनतम 22 डिग्री, रविवार को अधिकतम 31 और न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज हुआ था। शनिवार को अधिकतम 29 और न्यूनतम 18 डिग्री, जबकि शुक्रवार को अधिकतम 27 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज हुई, लेकिन मौसम में बदलाव के बाद अब तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है।