सवाई माधोपुर में गुरुवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। दोपहर बाद करीब 4 बजे तेज आंधी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी के साथ आसमान में घने काले बादल छा गए और कुछ ही देर में बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं के कारण कई जगह धूलभरी आंधी भी चली, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बदला मौसम शहर के पुराने इलाके में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का असर और अधिक देखने को मिला। सवाई माधोपुर के नजदीकी जमूलखेड़ा और कुतलपुरा गांव में तेज ओलावृष्टि हुई। करीब 15-20 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे, जिससे खेतों और खुले स्थानों पर सफेद चादर बिछ गई। अचानक हुई इस ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। मौसम में आए इस बदलाव के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडक महसूस की गई। लोगों ने इसे गर्मी से राहत के रूप में लिया, वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में ऐसे ही बदलाव की संभावना बनी रह सकती है।