भंवरगढ़| स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला एक बार फिर सामने आया है। शनिवार को केलवाड़ा स्थित वीर तेजा स्कूल की बस में दर्जनों बच्चों की जान जोखिम में डालकर ले जाया जा रहा था। फैलते डीजल, ऑयल व धुआं छोड़ती स्कूल बस जब चौराहे पर खड़ी हुई तो ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस ने बस को जब्त कर लिया। हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और बस को थाने भिजवाया। थानाधिकारी गोपीलाल आर्य ने बताया कि जांच में बस में भारी अनियमितताएं मिलीं। बस का न तो बीमा था, न पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, न अग्निशमन यंत्र और न ही मेडिकल किट। ड्राइवर के पास लाइसेंस भी नहीं था। इसके अलावा बस में कंडक्टर और महिला कंडक्टर भी नहीं थे। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की पढ़ाई खराब न हो इसलिए दूसरी बस मंगवाई, लेकिन उस बस में भी रंग-रोगन के अलावा कोई सुरक्षा सुविधा नहीं पाई गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना परमिट, बिना बीमा और बिना अनुभवी ड्राइवरों के स्कूल वाहन रोज प्रशासन की आंखों के सामने चलते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मामले में थानाधिकारी गोपीलाल आर्य ने कहा कि जांच में बस में कई गंभीर कमियां पाई गईं। आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर बस को जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।