भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं शिक्षा विभाग की ओर से निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बीकानेर निदेशालय ने जिले में किताब, यूनिफॉर्म, जूते, टाई आदि खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाने वाले निजी स्कूलों की जांच के आदेश दिए है। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा निदेशक के आदेश पर जिला शिक्षा अधिकारी को 15 अप्रैल से पहले स्कूलों के निरीक्षण करने के लिए कहा है। अब शिक्षा विभाग की 33 अधिकारियों की टीम स्कूलों में जाकर निरीक्षण करेगी। जिले में 1229 निजी स्कूल संचालित है। इनमें प्राथमिक शिक्षा विभाग के अधीन 379 व सैकंडरी शिक्षा विभाग के अधीन 850 स्कूल संचालित है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन और अभिभावक पर अनावश्यक दबाव बनाने की शिकायत पर कार्रवाई करने के निर्देश है। इसके लिए परफॉर्मा भी जारी किया गया है। इसमें किसी प्राइवेट स्कूल के खिलाफ कितनी शिकायतें मिली, इसकी जानकारी देनी होगी। अभियान की मॉनिटरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए शिक्षा विभाग की ओर से प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर सीबीईओ की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय कमेटियों का गठन होगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि कमेटियां सुनिश्चित करेंगी कि निजी स्कूल विभाग की ओर से पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों की पालना कर रहे हैं या नहीं। यदि किसी निजी स्कूल में नियमों की अवहेलना या शिकायत पाई जाती है, तो उसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच में कोई स्कूल दोषी पाया जाता है, तो प्रमाण पत्र व शिकायत का पूरा ब्यौरा 20 अप्रैल तक निदेशालय की ई-मेल आईडी पर भिजवाना सुनिश्चित करें।