सीकर में जनगणना-2027 को लेकर प्रथम चरण के तहत मकानों और बिल्डिंग की लिस्टिंग को लेकर एसडीम और तहसीलदारों का वन-डे स्पेशल ट्रेनिंग कैंप संपन्न हो गया है। अब घरों की लिस्टिंग के लिए ड्यूटी लगाने का काम शुरू किया जाएगा। जिले में जनगणना का पहला चरण 15 मई से 14 जून तक चलेगा। जिला जनगणना अधिकारी ADM स्वामी ने कहा कि गणना के काम में टीचर्स की ड्यूटी लगाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी स्कूल का पूरा स्टाफ एक साथ जनगणना काम में न लगाया जाए, ताकि स्कूलों में डेली टीचिंग का काम प्रभावित न हो। 1 मई से शुरू होगा स्व-गणना का पोर्टल जिला जनगणना अधिकारी ADM स्वामी ने बताया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को फील्ड में जाकर पूरी मॉनिटरिंग करनी होगी। इस बार जनगणना में टेक्निक को भी काम में लिया जा रहा है। 1 मई से स्व-गणना का पोर्टल शुरू हो जाएगा। सभी अधिकारी संबंधित क्षेत्रों में लोगों को 'स्व-गणना' के लिए मोटिवेट करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा डाटा डिजिटल मिल सकें। मुख्य जनगणना अधिकारी कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि स्व-गणना के प्रति जागरुकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्व-गणना से किसी भी डाटा एंट्री में गलती की संभावना लगभग खत्म हो जाती है। हर भवन और मकान की लिस्ट होगी तैयार उप जिला जनगणना अधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि सीकर जिले में जनगणना का पहला चरण 15 मई से 14 जून तक चलेगा। इस दौरान जिले के हर भवन और मकान की लिस्ट तैयार की जाएगी। भवनों की विस्तृत गणना कर उनकी नंबरिंग की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों की नियुक्तियां और अन्य प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रथम चरण के मास्टर ट्रेनर महेश कुमार ने अधिकारियों को स्व-गणना पोर्टल पर लॉगिन करने, डेटा प्रविष्टि (Data Entry) की प्रक्रिया और मोबाइल ऐप के माध्यम से होने वाली सभी एंट्री के तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से समझाया है।