गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। सीकर जिले से सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 10 ट्रेनों में कुल 30 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। इस फैसले से एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी में यात्रियों को अधिक सीटें मिलेंगी और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी। नॉर्दर्न रेलवे के चीफ PRO अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों के बढ़ते दबाव को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। ट्रेन नंबर 20473/20474 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय अपडाउन ट्रेन में 1 मई से 1 जून तक 1 थर्ड एसी और 1 स्लीपर कोच बढ़ाया जाएगा। वहीं, ट्रेन नंबर 12065/12066 अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-अजमेर जन शताब्दी एक्सप्रेस में 1 मई से 30 मई तक 1 एसी चेयर कार कोच जोड़ा जाएगा। ये दोनों ट्रेनें नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर और रींगस जंक्शन पर ठहरेंगी। इसी तरह 04705/04706 हनुमानगढ़-जयपुर एक्सप्रेस में 1 मई से 31 मई तक 4 जनरल कोच बढ़ाए जाएंगे। 04715/04716 बीकानेर-साईनगर शिर्डी वीकली स्पेशल में 2 मई और 31 मई तक 1 स्लीपर और 1 थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा। 04711/04712 बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस वीकली स्पेशल में 6 मई से 28 मई तक 1 स्लीपर और 1 थर्ड एसी कोच बढ़ाया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव फतेहपुर शेखावाटी, सीकर जंक्शन और रींगस जंक्शन पर होगा। इसके अलावा 04717/04718 हिसार-तिरूपति स्पेशल में 2 मई से 1 जून तक 1 थर्ड एसी कोच बढ़ाया जाएगा। 19617/19618 मदार-रेवाड़ी ट्रेन और 19620/19619 रेवाड़ी-फुलेरा ट्रेन में 1 मई से 31 मई तक 5-5 जनरल कोच जोड़े जाएंगे। इन ट्रेनों का ठहराव नीमकाथाना, मावंडा, कांवट, श्रीमाधोपुर और रींगस सहित अन्य स्टेशनों पर रहेगा। वहीं, 14705/14706 भिवानी-ढहर का बालाजी ट्रेन में 2 मई से 6 जून तक 3 जनरल कोच बढ़ाए जाएंगे। साथ ही 19622/19621 रेवाड़ी-फुलेरा ट्रेन में भी 1 मई से 31 मई तक 5 जनरल कोच जोड़े जाएंगे। रेलवे के इस फैसले से गर्मियों में सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।