भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. शानू यादव का शाहजहांपुर में जोरदार स्वागत किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद यह उनका नीमराणा क्षेत्र में पहला आगमन था। शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारेबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया। डॉ. यादव के काफिले के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर कई स्थानीय पदाधिकारी और वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद थे। सभी ने डॉ. शानू यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और संगठन को मजबूत करने का विश्वास जताया। जिम्मेदारी को निष्ठा के साथ निभाऊंगी - शानू यादव मीडिया से बात करते हुए डॉ. शानू यादव ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने संगठन को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगी। आगामी चुनावों के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है, तो वह चुनाव लड़ेंगी और पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगी। कार्यक्रम के दौरान कई स्थानों पर स्वागत द्वार भी बनाए गए थे, जहां डॉ. शानू यादव का अभिनंदन किया गया।