श्रीगंगानगर जिले में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है। इस तापमान के साथ श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा। दिनभर चली हीटवेव के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह आसमान में बादलों की हल्की आवाजाही देखने को मिली, लेकिन जिले का मौसम फिलहाल ड्राई बना हुआ है। गर्मी के कारण बिजली और पानी की खपत बढ़ रही है। वहीं, रात का तापमान भी बढ़ने से लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। इधर, मौसम विभाग के अनुसार दो दिन बाद जिले में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ रहा तापमान मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर के पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 26.5 और अधिकतम 44.5 रहा। वहीं, बुधवार को न्यूनतम 24.0 डिग्री और अधिकतम 43.7 दर्ज किया गया था। 26 अप्रैल से आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने 26 अप्रैल से पश्चिमी राजस्थान और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलो में धूलभरी आंधी और कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है। वहीं, जिले में रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। बीती रात न्यूनतम तापमान 26.5 दर्ज किया गया, जिसके कारण रात में भी दिन जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।