जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर (JNVU) के खिलाड़ियों ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए 5 मेडल अपने नाम किए हैं। श्रीनगर में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय (ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी) वुशू टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 1 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीते। प्रतियोगिता का आयोजन कश्मीर विश्वविद्यालय की ओर से श्रीनगर में किया गया। इस उपलब्धि के बाद JNVU में खुशी का माहौल है। 5 मेडल जीतकर जोधपुर का नाम किया रोशन वुशू कोच विनोद आचार्य ने बताया कि विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी एक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने एक साथ पांच पदक जीते हैं। खिलाड़ियों ने 1 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय और जोधपुर को गौरवान्वित किया। इन्होंने जीते मेडल प्रतियोगिता में पायल सारण ने 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं प्रिंस आचार्य ने 85 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। कामाक्षी आचार्य ने तावलु डबल वेपन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता, जबकि प्रियांशु दवे ने सिंगल वेपन एवं अदर स्टाइल में दो कांस्य पदक हासिल किए। इससे पूर्व कामाक्षी आचार्य ने जयपुर में आयोजित 32वीं राष्ट्रीय सीनियर वुशू प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। वहीं पिछले वर्ष अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में प्रियांशु दवे एवं पायल सारण स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। सभी पदक विजेता खिलाड़ी विश्वविद्यालय के पुराना परिसर स्थित वुशू ग्राउंड के विनियमित रूप से ट्रेनिंग लेते हैं। आचार्य ने बताया कि ग्राउंड में कम उम्र से ही बच्चों की ट्रेनिंग शुरू कर दी जाती है, जिससे वह विश्वविद्यालय में पहुंचने तक अच्छे खिलाड़ी बन जाते हैं और विश्वविद्यालय और शहर का नाम रोशन करते हैं। कुलगुरु ने दी शुभकामनाएं इस उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. पवन कुमार शर्मा, क्रीड़ा मंडल अध्यक्ष प्रो. रमेश मीणा, सचिव प्रो. अमन सिंह सिसोदिया, खेल प्रभारी डॉ. रघुवीर सिंह, चेयरमैन डॉ. ललित झाला, कोच विनोद आचार्य, सोहन नरवाल, चंद्र टांक एवं वुशू संघ अध्यक्ष सुरेश डोसी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई के खिलाड़ी आगे भी ऐसे ही विश्वविद्यालय और शहर का नाम रोशन करेंगे।