RPSC (राजस्थान लोक सेवा आयोग) अजमेर की ओर से आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2025 कल से शुरू होने वाली है। 5 और 6 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए सीकर में 37 सेंटर बनाए गए हैं। पहली पारी की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर बाद 3 बजे से 5 बजे तक होगी। जिले में कुल 24 हजार अभ्यर्थी रजिस्टर्ड है। जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। ADM ने एग्जाम सेंटरों का किया निरीक्षण एग्जाम कॉर्डिनेटर ADM रतन कुमार स्वामी ने आज SK कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। स्वामी ने बताया कि जिले में 24 एग्जाम सेंटर गवर्नमेंट और 13 एग्जाम सेंटर प्राइवेट इंस्टीट्यूट में बनाए गए हैं। सभी एग्जाम सेंटरों सरकारी टीचरों की ड्यूटी लगाई गई है। हर सेंटर पर जांच के लिए 7 फ्लाइंग स्क्वाड सीकर में हर पारी में 12-12 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के दौरान इंस्पेक्शन और जांच के लिए 7 फ्लाइंग स्क्वाड का गठन किया गया है। इसके साथ ही 16 सब कॉर्डिनेटर भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही हर प्राइवेट इंस्टीट्यूट में 2 ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से हर एग्जाम सेंटर पर 1 महिला और 1 पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अभ्यर्थी की संख्या ज्यादा होने पर पुलिसकर्मी भी ज्यादा लगाए जाएंगे। इसके साथ ही हर एग्जाम सेंटर पर 2-2 वीडियोग्राफर भी नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले मिलेगी एंट्री ADM रतन कुमार स्वामी ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने के 1 घंटे पहले ही एग्जाम सेंटर पर पहुंचने की अपील की है, ताकि किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले तक ही परीक्षा केंद्रों में एंट्री दी जाएगी, इसके बाद किसी भी परिस्थिति में अभ्यर्थियों को परीक्षा के अंदर में एंट्री नहीं मिलेगी। एडमिट कार्ड में लिखे दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।