राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की SI भर्ती का एग्जाम आज और कल होगा। जोधपुर जिले में 111 परीक्षा केंद्रों पर 35 हजार 496 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हैं। पहली पारी की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है। पहली पारी के लिए परीक्षार्थियों को 10 बजे तक एंट्री दी गई। शास्त्री नगर स्थित बाल विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में एंट्री शुरू होने से पहले ही परीक्षार्थियों की लाइन लग गई। परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे से कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया गया। इसी तरह से पाल लिंक रोड स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद मुस्लिम स्कूल और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, दूसरा पुलिया स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केन्द्र पर परीक्षार्थियों की जांच के बाद एंट्री दी गई। परीक्षा समन्वयक और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा के अनुसार परीक्षा के लिए आयोग ने जिले में 50 राजकीय और 61 निजी परीक्षा केन्द्र चयनित किए हैं। 20 सतर्कता दलों का गठन किया गया है और प्रश्न-पत्र वितरण एवं संग्रहण के लिए 37 उप-समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। 100 मीटर दायरे में इंटरनेट पर पाबंदी परीक्षार्थियों के लिए प्रत्येक सत्र में परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले सेंटर पहुंचने अनिवार्य है। परीक्षा केन्द्रों के आसपास करीब 100 मीटर दायरे में परीक्षा के दौरान इंटरनेट पर पाबंदी है। परीक्षा पेपर की कड़ी निगरानी केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच पेपर पहुंचते हैं। इसके साथ ही इसमें डिजिटल लॉक व सिक्योरिटी सिस्टम है। पेपर पहुंचने से लेकर खुलने व वितरण तक की वीडियोग्राफी होती है। इसके पूरा प्रोसेस की भी एंट्री होती है।