सीकर शहर में एक नाबालिग कंस्ट्रक्शन साइट की छत की दीवार पर करीब 1 घंटे तक खड़ा रहा। बड़ी मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस टीम ने रेस्क्यू करके उसे नीचे उतारा। फिलहाल नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। ठेकेदार की डांट से नाराज होकर छत पर चढ़ा पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़के की उम्र 15 साल है। जिसका भाई एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी का काम कर रहा था। आज दोपहर में वह अपने भाई से मिलने वहां गया था। इसी दौरान वहां मौजूद ठेकदार ने उसे डांट दिया। ऐसे में नाबालिग पांचवी मंजिल की छत की दीवार पर जाकर खड़ा हो गया। साइट पर मौजूद अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और सिविल डिफेंस टीम को दी। दोनों ने मौके पर पहुंचकर काफी समझाइश की, लेकिन नाबालिग वहां से पीछे आने को तैयार नहीं हुआ। न ही वह किसी बात का कोई जवाब दे रहा था। ऐसे में सिविल डिफेंस की टीम ने पानी की बोतल देने के बहाने उसका ध्यान भटकाया। सिविल डिफेंस के चार आदमी पीछे से दीवार पर आए। इसके बाद नाबालिग को नीचे उतार लिया गया। इसके बाद नाबालिग को मेडिकल के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से उसे बाल सुधार गृह में शिफ्ट कर दिया गया है।