सीकर में गर्मी के मौसम में बिजली की समस्या से आमजन परेशान हो रहे हैं। कारीगरान मोहल्ले में रविवार रात बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। इसके बाद करीब 400 घरों की बिजली पूरी रात गुल रही। मोहल्लेवासियों ने अंधेरे में रात गुजारी। इसके बाद 2 नंबर डिस्पेंसरी के पास स्थित पावर हाउस पर सोमवार को विरोध-प्रदर्शन किया। कारीगरान मोहल्ले के मोहम्मद इमरान ने बताया- पिछले 3 दिन से बिजली की समस्या बढ़ गई है। लाइनमैन और फीडर इंचार्ज को बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई सॉल्यूशन नहीं हो रहा है। मोहल्लेवासी दिनभर गर्मी में पसीने से लथपथ होते हैं। इतनी गर्मी में अंधेरे में रात गुजारना मुश्किल हो गया है। विरोध प्रदर्शन के बाद बिजली अधिकारियों ने बताया- गर्मी में लोड बढ़ गया है। कारीगरान मोहल्ले का फीडर लोड अब चांदपोल फीडर पर डायवर्ट किया जाएगा। एक रात में 9 बार हुई ट्रिपिंग गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली लोड बढ़ने की वजह से जिला मुख्यालय के कई क्षेत्रों में रविवार रात को बिजली ट्रिपिंग हुई। ट्रिपिंग के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के प्रमुख इलाकों रामलीला मैदान, राधाकिशनपुरा, पुरोहितों की ढाणी, सांवली रोड और जयपुर रोड इलाके की कॉलोनियों में पिछली रात 9 बार ट्रिपिंग हुई। लोगों ने बताया- बिजली निगम ने कंट्रोल रूम की व्यवस्था शुरू की थी। इसके बाद भी कस्टमर्स की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। गर्मी की वजह से पिछले दिनों से जिलेभर में लगातार बिजली का उपभोग बढ़ रहा है। इस वजह से ट्रिपिंग की संख्या भी लगातार बढ़ गई है। नए पावर हाउस की मांग सिविल लाइंस निवासी कमल कुमार ने बताया- गर्मियों के सीजन में हर साल परेशानी होती है। इसके बाद भी बिजली विभाग नए पावर हाउस की व्यवस्था नहीं कर रहा। इधर, कलेक्टर आवास के सामने वाले इलाके में भी आए दिन ट्रिपिंग की समस्या रहती है। इसके चलते लोग रात को घंटों परेशान रहते हैं। यहां के लोगों ने बताया- कभी तार टूटने तो कभी एक फेज उड़ने की आए दिन समस्या रहती है।