सीकर रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट के लिए केवल एक ही खिड़की है। इसके चलते कई बार यहां लोगों की लंबी लाइन लग जाती है। सीकर में दूसरे जिलों और राज्यों के भी स्टूडेंट पढ़ाई करने, एग्जाम देने के लिए आते हैं। लेकिन कई बार भीड़ होने की वजह से टिकट नहीं मिल पाने के कारण उनकी ट्रेन भी छूट जाती है। लोगों ने यहां दूसरी टिकट विंडो शुरू करने की मांग की है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने कहा- स्टेशन का दूसरा एंट्री गेट बनकर तैयार हो चुका है। जैसे ही वह शुरू होगा तो वहां भी टिकट विंडो रहेगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। पहले देखें PHOTOS रोज 50 से ज्यादा ट्रेनें होती संचालित बता दें कि सीकर में रेलवे स्टेशन कल्याण सर्किल के पास मौजूद है। सीकर में ज्यादातर स्टूडेंट नवलगढ़ रोड, जो पिपराली रोड एरिया में रहते हैं। ऐसे में नया एंट्री गेट शुरू होने से उन्हें नवलगढ़ पुलिया क्रॉस करके कल्याण सर्किल की तरफ नहीं आना होगा। उन्हें रेलवे कॉलोनी के पास से ही नए गेट से स्टेशन में एंट्री मिल जाएगी। सीकर स्टेशन के रास्ते 50 से ज्यादा ट्रेनें संचालित होती हैं। इनमें करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनें ऐसी हैं, जो दिल्ली के लिए चलती है। इस स्टेशन से रोजाना 30 हजार से ज्यादा लोग आवागमन करते हैं।