सीकर पुलिस ने 26 साल की विवाहिता से रेप के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक पीड़िता के पड़ोसी गांव का रहने वाला है, जिसने शादी का झांसा देकर कई बार विवाहिता के साथ रेप किया था। आरोपी ने अश्लील फोटो-वीडियो भी रिकॉर्ड किए थे, जिसके जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था। मामले की जांच करने वाले इंस्पेक्टर राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि 15 अप्रैल को 26 साल की विवाहिता ने रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया था कि उनके पड़ोसी गांव के रहने वाले युवक से उसकी पहचान थी। उस युवक ने विवाहिता से बातचीत करना शुरू किया और दोस्ती कर ली। आरोपी युवक ने विवाहिता को शादी का झांसा दिया। विवाहिता ने मना किया। इसके बाद भी आरोपी नहीं माना। आरोपी युवक ने झांसा देकर विवाहिता को मिलने के लिए एक होटल में बुलाया और रेप किया। इस दौरान आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए। इसके जरिए ब्लैकमेल कर धमकी देने लगा। इसके बाद शादी के लिए भी आना-कानी करने लगा। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गांव में है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।