वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण सीकर में मंगलवार देर रात कई इलाकों में तेज बारिश हुई। 4 अप्रैल से एक्टिव हुए नए वेदर सिस्टम के असर से बीती रात जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश हुई। तूफानी बारिश के बाद आज झामावास गांव में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के चलते विजिबिलिटी केवल 70 से 80 मीटर तक रही। इधर,सीकर शहर में मौसम पूरी तरह से साफ है। कुछ ग्रामीण इलाकों में अलसुबह भी हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के बाद खेतों में हल्की धुंध छाई। आज सुबह न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर में बारिश की वजह से खेतों में पकी हुई फसलों को नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल कटने वाली थी, उससे पहले ही बारिश होने से किसानों को नुकसान हुआ है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक आज सुबह 11 बजे बाद भी हवा में भी ठंडक बनी हुई है। आसमान में छितराए हुए बादल नजर आ रहे हैं। अब फिलहाल बारिश की कोई विशेष संभावना नहीं है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगलवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा और शाम को तेज बारिश आई और ओले गिरे। 9 अप्रैल के बाद बढ़ेगा तापमान सीकर के कई इलाकों में मंगलवार देर रात बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 9 अप्रैल से मौसम में फिर बदलाव होगा। बीती रात बादलों की तेज गर्जना हुई और बिजली चमकी। उसके बाद बारिश हुई। तेज हवा के साथ बीती रात रुक-रुककर बरसात का दौर चला। आज सुबह से हल्की ठंडी हवाएं चल रही है। मौसम बदलने के साथ फिर से हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार बीती रात हुई बारिश होने के कारण अब 1-2 दिन हल्की ठंड का एहसास हो सकता है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर सबसे ज्यादा सीकर और शेखावाटी समेत उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। 9 अप्रैल तक तापमान में थोड़ी कमी रहेगी, लेकिन उसके बाद वापस तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी और आसमान साफ रहेगा।