सीकर में आज मौसम बदला है। रविवार शाम से जिलेभर में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने जिले में अगले 3 दिन तक सामान्य बारिश की संभावना बताई है। रविवार शाम को सीकर जिले बावड़ी ठिकरिया और भगोवा इलाके में हल्की बारिश हुई। जिलेभर में अच्छी बारिश नहीं होने से उमस लगातार बनी हुई है। आज सुबह बादलों की आवाजाही के कारण धूप से राहत मिली है, लेकिन हवाएं नहीं चलने से मौसम में उमस का असर है। इससे पहले बीती रात गर्मी का असर रहा। न्यूनतम तापमान लगातार स्थिर बना हुआ है। सीकर जिले में 22 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने अभी तेज बारिश का अलर्ट नहीं बताया है। सीकर जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे में सीकर में दिन-रात के तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार, सीकर में 20 जुलाई से 22 जुलाई तक बारिश होने का येलो अलर्ट है। बरसाती हवाएं चलने से आमजन को गर्मी से मामूली राहत मिलेगी। इस बार सीकर समेत शेखावाटी इलाके में अभी तक औसत से भी कम बारिश हुई है। राजस्थान में मानसून की एंट्री के बाद छितराई बारिश हो रही है। मानसूनी एयर सिस्टम का प्रेशर बार-बार बदलने से अभी तक अच्छी बारिश देखने को नहीं मिली है। हालांकि फिर भी प्रदेश में सामान्य बारिश होने की संभावना है‌।