सिरोही शहर में एक लंगूर का बच्चा पिछले 5 दिनों से अपनी मां के साथ सड़कों पर भटक रहा है। उसकी गर्दन में एक स्टील का लोटा फंसा हुआ है। जिसके चलते न उसे दूध मिल रहा है और न पानी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चा अपनी मां से लिपटा हुआ लगातार घूम रहा है। मां भी बच्चे की इस स्थिति से चिंतित होकर लगातार उसके साथ बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी और एडीएम डॉ. राजेश गोयल से मदद की अपील की। स्थानीय निवासी भी बच्चे की मदद के लिए आगे आए और उसे ट्रैक करने का प्रयास करते रहे। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए माउंट आबू से एक रेस्क्यू टीम बुलाई। टीम ने पहले लंगूर की मां को सुरक्षित पकड़े का फैसला किया, ताकि बच्चे की गर्दन से लोटा निकाला जा सके। रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। इसी बीच कुछ लोगों ने मना करने के बावजूद बाइक के हॉर्न बजाकर और तेज आवाजें निकालकर काम में बाधा डाल दी। जिससे लंगूर अपने बच्चे को लेकर वहां से भाग गया। देर शाम तक लंगूर का कोई पता नहीं चला। अनुमान लगाया जा रहा है कि या तो बच्चे की गर्दन से लोटा निकल गया है, या फिर लंगूर बच्चे को लेकर किसी सुरक्षित स्थान पर छिप गया है।