सिरोही में माली समाज छात्रावास स्थित लखमीदास मंदिर प्रांगण में महिला जागृति महासम्मेलन का आयोजन किया गया। माली समाज सेवा संस्थान 14 परगना, सिरोही द्वारा आयोजित इस महाकुंभ में 5000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। यह आयोजन नारी शक्ति की एकता, जागरूकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना। माली समाज के 14 परगनों से गांव-गांव से पहुंची महिलाओं ने इस महासम्मेलन को एक जनआंदोलन का रूप दिया। कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह देखने को मिला, जिससे सिरोही जिले में नारी जागरण का संदेश फैला। इस महाकुंभ में महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। इनमें विधिक सेवा, चिकित्सा सेवा, साइबर क्राइम एवं धोखाधड़ी से बचाव तथा रोजगार व स्वावलंबन शामिल थे। विधिक सेवा प्राधिकरण से डॉ. गीता माली (विशाखापत्तनम), चिकित्सा विभाग से डॉ. कीर्ति शर्मा, पुलिस विभाग एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए राजकुंवर, तथा स्वावलंबन विभाग से रुचिका रावल एवं उनके वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और महिलाओं को जानकारी प्रदान की। इस आयोजन का सफल संचालन माली समाज 14 परगना अध्यक्ष हीरालाल माली और उनकी पूरी कमेटी के नेतृत्व में किया गया। उनके मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम समाज की एकता, संगठन और सशक्तिकरण का उदाहरण बना। वात्सल्य मूर्ति पद्म विभूषण परम पूज्य दीदी मां साध्वी ऋतंभरा की शिष्या साध्वी सत्य सिद्धा गिरी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक आयाम दिया। उनके सानिध्य में सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और एकता का संदेश दिया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में प्रेरणा का संचार हुआ। यह महासम्मेलन न केवल माली समाज की महिलाओं के लिए एक मंच साबित हुआ, बल्कि पूरे समाज में सामाजिक सौहार्द, जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रेरणा एंड पार्टी द्वारा बालिका शिक्षा पर नाट्य प्रस्तुति दी जो सराहनीय रही मंच संचालन एशू माली एंड पार्टी द्वारा किया गया। इस सम्मेलन को भव्य बनाने के लिए माली समाज 14 परगनो की पुरी कार्यकारिणी, शिक्षकों की टीम, एवं महिलाओ की टीम ने करीब डेढ़ माह से गांव-गांव में जाकर महिलाओ को इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया। मंत्री महोदय व उपाध्यक्ष महोदय ने सभी का आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया।