सिरोही में स्थानीय सगरवंशी माली समाज के आराध्य देव भागिरथेश्वर महादेव मंदिर की प्रतिष्ठा के 50 साल पूरे होने पर चार दिवसीय स्वर्ण जयंती महोत्सव का भव्य आगाज हल्दी प्रसंग के साथ हुआ। पीले वस्त्रों में सजे महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे समाज में उत्सव जैसा माहौल रहा, वहीं 75 साल से अधिक आयु के वरिष्ठजनों के सम्मान की भी विशेष तैयारी की गई है। हल्दी प्रसंग में उमड़ा समाज, मांगलिक गीतों से गूंजा मंदिर परिसर समाज के पूर्व सचिव सुरेश सगरवंशी ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत हल्दी प्रसंग से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया। सभी श्रद्धालु पीले वस्त्र पहनकर मंदिर पहुंचे। महिलाओं ने मांगलिक गीत गाते हुए भगवान भागिरथेश्वर महादेव को हल्दी का लेप लगाकर परंपरागत रस्म निभाई। इस दौरान डीजे साउंड पर समाजजन झूमते नजर आए और पूरा माहौल भक्तिमय उल्लास से भर गया। घरों पर लगे तोरण, मेहंदी-गुड़ का हुआ वितरण समाज सचिव गिरीश सगरवंशी के अनुसार, स्वर्ण जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में समाज के घरों पर तोरण लगाए गए। शुभ अवसर पर मेहंदी और गुड़ का वितरण भी किया गया, जिससे हर घर में उत्सव की खुशी दिखाई दी। संध्या में हुआ संगीतमय सुंदरकांड पाठ शाम को मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसमें समाज की माताओं, बहनों और बंधुओं ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। सुंदरकांड पाठ के बाद प्रसाद वितरण किया गया। समाज अध्यक्ष बाबूलाल सगरवंशी ने सुंदरकांड पाठ सेवा समिति के सदस्यों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। विशाल पंडाल, भोजनशाला और रेस्ट एरिया की व्यवस्था चार दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने के लिए समाज की भूमि पर विशाल टेंट पंडाल तैयार किया गया है। इसके अलावा भोजनशाला, रेस्ट एरिया और कार्यालय की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि आयोजन में आने वाले सभी लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का होगा सम्मान समाज ने 75 वर्ष से अधिक आयु के करीब तीन दर्जन वरिष्ठजनों को विशेष सम्मान देने का निर्णय लिया है। समाज का मानना है कि वर्तमान समय में बुजुर्गों के प्रति अलगाव और तिरस्कार की भावना बढ़ रही है, ऐसे में उनके सम्मान के लिए यह पहल प्रेरणादायक है। इन वरिष्ठजनों को साफा, शॉल और समाज सम्मान स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। युवा समिति संभाल रही जिम्मेदारियां सुरेश सगरवंशी ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए समाज कमेटी के सदस्य और युवा कार्यकारी समिति के युवा पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।