सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (एसएमएस) समेत जयपुर के तमाम सरकारी हॉस्पिटलों में आज सर्वर फिर से खराब हो गया। इससे यहां ओपीडी पर्ची, जांचों के बिल और भर्ती टिकट बनने बंद हो गए। इस कारण हॉस्पिटल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी मरीजों की लंबी लाइनें लग गई। एसएमएस हॉस्पिटल की बात करें तो यहां दोपहर करीब 12.20 बजे सर्वर अचानक बंद हो गया, जो दोपहर 1 बजे तक चालू नहीं हुआ। एसएमएस समेत जयपुर के तमाम सरकारी हॉस्पिटलों में IHMS सर्वर के जरिए मरीजों की ओपीडी पर्ची बनती है और उसी सर्वर से जांचों के बिल जनरेशन और आईपीडी में भर्ती व डिस्चार्ज का काम होता है। सर्वर ठप होने से एसएमएस हॉस्पिटल में जगह-जगह बने जांच बिल काउंटर, मां योजना रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर मरीजों की लंबी लाइन लग गई। जांच ​बिल जनरेट करने के अलावा दवाईयों के काउंटर पर भी भीड़ रही। एसएमएस हॉस्पिटल में काम करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटरों की मानें तो सर्वर में तकनीकी खराबी पिछले लंबे समय से चल रही है। यहां हर एक से दो दिन के अंदर सर्वर धीमा होने की शिकायत आम बात हो गई है, जबकि कई बार ऐसा होता है, जब सर्वर कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद हो जाता है। इन हॉस्पिटलों में भी सर्वर बंद सवाई मानसिंह हॉस्पिटल के अलावा जे.के. लोन हॉस्पिटल, सांगानेरी गेट महिला चिकित्सालय, जनाना हॉस्पिटल चांदपोल, जयपुरिया हॉस्पिटल, कावंटिया, गणगौरी हॉस्पिटल समेत अन्य सरकारी हॉस्पिटलों में भी सर्वर ठप होने से मरीज परेशान रहे। डीओआईटी की मॉनिटरिंग में सर्वर सरकारी हॉस्पिटलों में चलने वाला सर्वर सूचना एवं प्रोद्योगिकी विभाग (डीओआईटी) के कंट्रोल में है। पूरे प्रदेश में एक हेल्थ सिस्टम जनरेट करने के लिए IHMS पोर्टल बनाया गया है, जिससे प्रदेश के सभी सरकारी हॉस्पिटलों को धीरे-धीरे करके जोड़ा जा रहा है।