जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) से एक साथ चार पुलिसकर्मियों को लाइन में भेज दिया गया है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने गत 1 अप्रैल को हेडकांस्टेबल भंवर विश्नोई, जगदीश चंद्र प्रजापत, कांस्टेबल जितेंद्र दीक्षित और एक अन्य को टीम से हटा दिया। इन्हें मौखिक आदेश पर लाइन भेजा गया। हालांकि एसपी ने कहा कि डीएसटी टीम में बदलाव करने के लिए चारों को हटाया है। कोई विशेष बात नहीं है। भास्कर इनसाइट - टीम दो फाड़, बिगड़ रहा था तालमेल व काम पुलिस सूत्रों के अनुसार डीएसटी लंबे समय से दो फाड़ में चल रही थी। दोनों गुटों में कार्रवाई को लेकर खींचतान थी। इससे न केवल तालमेल बिगड़ रहा था, बल्कि कामकाज पर भी असर पड़ा रहा था। एक आला अधिकारी से अच्छे संबंध होने के चलते दूसरे गुट का पुलिसकर्मी डीएसटी इंचार्ज बनना चाह रहा था, लेकिन उससे बड़ी रैंक का पुलिसकर्मी पहले से इंचार्ज था। ऐसे में उसे पद नहीं मिला। उसी पुलिसकर्मी ने अपना गुट बनाकर मनमानी कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ थानों के कामों में दखल शुरू कर दी। ऐसे में कुछ थानाधिकारियों ने इनकी शिकायत कर दी। इस पर इन्हें हटा दिया गया।