श्रीगंगानगर में बारिश का दौर थम चुका है। इसके साथ ही तापमान में बढ़ोतरी होना भी शुरू हो चुकी है। जिले के ग्रामीण इलाकों में सुबह से बादलों की आवाजाही का दौर जारी है और ठंडी हवाएं भी चल रही है, जिससे मौसम सुहाना बना हुआ है। अगले दो से तीन दिनों तक बादलों की आवाजाही का दौर जारी रहेगा। इस दौरान तेज धूप भी निकलेगी और तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रिकार्ड मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं, बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 16.0 और अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रिकार्ड किया गया। अगले दो सप्ताह में गर्मी तेज होने का अनुमान मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले दो सप्ताह में गर्मी तेज होने के साथ कुछ शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज होने का अनुमान जताया है। वहीं, 10-11 अप्रैल को कुछ जगह बादल छाने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राजस्थान के सभी शहरों में आसमान साफ रहा और धूप रही।