वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय प्रभाव से श्रीगंगानगर जिले में बीते 24 घंटों के दौरान आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में उतार-चढ़ाव: 44.3°C से 42°C पर आया पारा मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री रहा, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री तक पहुंच गया था। 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चली आंधी, कई जगह बूंदाबांदी जिले में बीती रात 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। कई इलाकों में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अलर्ट जारी किया है। मंडियों में गेहूं की बंपर आवक, बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता इस समय जिले की मंडियों में गेहूं की बंपर आवक हो रही है और मंडियां अनाज से अटी पड़ी हैं। सरसों, जौ और चने की भी अच्छी आवक जारी है। खुले आसमान के नीचे कृषि जिंसों के ढेर लगे होने के कारण आंधी-बारिश से किसानों और व्यापारियों को फसलों के भीगने की चिंता सता रही है।