गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज युवक और उसके 4 साथियों ने सिलेंडरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपनी गाड़ी से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली सड़क किनारे खेत में पलट गई। LPG से भरे सिलेंडर बिखर गए। गनीमत रही कि ट्रॉली पलटने के बाद सिलेंडर फटे नहीं, वरना खेत में खड़ी गेहूं और जौ की फसल में आग लग जाती। यह पूरा मामला श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान क्षेत्र का है। बाबू इण्डेन गैस एजेंसी के मालिक ऋतुराज गुर्जर ने 4 अप्रैल की शाम 5 बजे एफआईआर दर्ज करवाई है। आरोप है कि वारदात के बाद युवक और उसके चार साथियों ने गैस एजेंसी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उनसे नकदी छीनने का भी प्रयास किया। इस घटना के बाद से एजेंसी ने गैस की सप्लाई बंद करने की धमकी दी है। बाबू इण्डेन गैस एजेंसी के संचालक भीमसेन गुर्जर ने बताया कि फिलहाल गैस सप्लाई जारी है। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग करवाई थी, उन्हें सिलेंडर पहुंचा दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मारपीट और टकराव की घटना के बावजूद यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो गांव दलियांवाली में गैस सप्लाई बंद कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिला गैस यूनियन को दे दी गई है और आगे का निर्णय यूनियन से चर्चा के बाद लिया जाएगा। नियम बना विवाद की जड़, 26 मार्च को लिया था सिलेंडर घटना 2 अप्रैल की है। गैस एजेंसी के कर्मचारी रमन कुमार और गिरधारी लाल दलियांवाली गांव में सप्लाई देने पहुंचे थे। यहां गुरसेवक सिंह सिलेंडर लेने आया। रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि उसने 26 मार्च को ही OTP के जरिए सिलेंडर लिया था। पेट्रोलियम मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार, 45 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। आरोप है कि जब कर्मचारियों ने नियम का हवाला देकर मना किया, तो गुरसेवक गाली-गलौज और धमकी देकर वहां से चला गया। पहले ये 3 PHOTOS देखिए… रास्ते में घेरा और मार दी जोरदार टक्कर शाम करीब 4 बजे जब कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागसर की ओर जा रहे थे, तब गुरसेवक सिंह अपने नीले रंग के न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर के साथ रास्ते में घात लगाकर खड़ा था। उसके साथ 4 अन्य साथी भी थे। आरोप है कि उसने और उसके साथियों ने कर्मचारियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रॉली सड़क किनारे खेत में बिछी कंटीली और करंट वाली तारों पर जा गिरी। सिलेंडर खेत में बिखर गए। नशे में मारपीट और लूट का प्रयास आरोप है कि ट्रॉली पलटने के बाद शराब के नशे में धुत गुरसेवक ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उसने कर्मचारियों के पास मौजूद गैस कलेक्शन के पैसे छीनने की भी कोशिश की, लेकिन कर्मचारी जान बचाकर वहां से भाग निकले। आरोपी ने धमकी दी कि अगर दोबारा गांव में सिलेंडर लेकर आए तो पूरी ट्रॉली में आग लगा दूंगा। लालगढ़ जाटान के एसएचओ ओमप्रकाश ने कहा- आरोपियों की तलाश और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में बंद होगी सप्लाई हमले और आग लगाने की धमकी के बाद कर्मचारियों में दहशत है। पिछले दो दिनों में पहले से बुक किए गए सिलेंडरों की डिलीवरी कर दी गई थी। एफआईआर दर्ज करवाने के बाद एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के बिना कर्मचारियों को फील्ड में भेजना जोखिम भरा है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती है, तो गांव में गैस सप्लाई पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।